राहुल गांधी ने बिहार से शुरू की 'वोट अधिकार यात्रा', 25 जिलों में पहुंचेंगे
राहुल गांधी ने बिहार में 'वोट अधिकार यात्रा' की शुरुआत की, जो 25 जिलों से होकर गुजरेगी। 1 सितंबर को पटना रैली में होगा समापन। तेजस्वी यादव सहित विपक्षी नेता भी हो सकते हैं शामिल।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 - कांग्रेस नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार से बिहार में ‘वोट अधिकार यात्रा’ की शुरुआत कर दी है। इस अभियान का मकसद राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना है। यात्रा की शुरुआत सासाराम से हुई है और आज वे औरंगाबाद में रात्रि विश्राम करेंगे।
यह यात्रा 16 दिनों तक चलेगी और 1 सितंबर को राजधानी पटना में एक विशाल जनसभा के साथ इसका समापन होगा। इस दौरान यात्रा बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान 20, 25 और 31 अगस्त को अवकाश रहेगा।
राजनीतिक गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन
माना जा रहा है कि इस यात्रा में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी राहुल गांधी के साथ शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा महागठबंधन के अन्य दलों के नेता और वामपंथी दलों के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।
'वोट अधिकार यात्रा' को लेकर कांग्रेस का दावा है कि यह लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम है। पार्टी का आरोप है कि SIR प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हो रही हैं, जिससे कई लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटाया जा सकता है।
What's Your Reaction?






