इंडिया गेट पर विदेशी महिलाओं से बदसलूकी का वीडियो वायरल, युवक की हरकतों से लोग भड़के
दिल्ली के इंडिया गेट पर एक युवक द्वारा दो विदेशी महिलाओं से की गई अभद्र हरकत का वीडियो वायरल हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को भारत की छवि के लिए शर्मनाक बता रहे हैं।

नई दिल्ली, viral video - सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसने लोगों को न सिर्फ नाराज किया है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। यह वीडियो राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित इंडिया गेट का है, जहां दो विदेशी महिलाएं सैर कर रही थीं। तभी एक युवक उनके पास पहुंचता है और उन्हें परेशान करने लगता है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक, जो खुद वीडियो बना रहा है, कोरियन मूल की दो महिलाओं के पास जाकर जबरन बातचीत की कोशिश करता है। वह महिलाओं से कहता है, "नमस्ते! मेरा सपना है, पंच-पंच," और उन्हें 'फिस्ट बम्प' करने के लिए कहता है। महिलाएं पहले तो असहज महसूस करती हैं, लेकिन माहौल को देखते हुए संकोच के साथ उसकी बात मान लेती हैं।
इंडिया गेट घूमने आई कोरियन लड़कियों के साथ लड़का ने क्या किया जो वायरल हो गया ?#viral #india pic.twitter.com/iXSaQPXttE — Jitendra Meena (@JitendraHindi) September 20, 2025
हालात तब और अजीब हो जाते हैं जब वही युवक अगली "इच्छा" जाहिर करता है — किसी विदेशी महिला को गले लगाने की। एक महिला झिझकते हुए इसके लिए तैयार तो होती है, लेकिन उसके हाव-भाव यह साफ दिखाते हैं कि वह सहज नहीं है और संभवतः जल्द से जल्द उस स्थिति से बाहर निकलना चाहती है।
वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इस तरह की हरकतों को भारत की साख के लिए शर्मनाक बताया है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अतिथि सत्कार के लिए मशहूर देश में ऐसे व्यवहार का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
What's Your Reaction?






