जयपुर में चाय की थड़ी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, रात में फैली दहशत; पुलिस और फायर टीम ने पाया नियंत्रण
जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब धावास इलाके में रखे एक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। चाय की थड़ी में आग लगने के बाद सिलेंडर आग की चपेट में आया और धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर के टुकड़े दूर-दूर जाकर गिरे, जिससे स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई।
SHO हवा सिंह ने बताया कि धावास में खाली जगह पर चाय की एक थड़ी लगती है। सोमवार रात उसका मालिक दुकान बंद कर घर चला गया था। लगभग 2 बजे अचानक थड़ी में आग भड़क उठी। उठती लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व फायर बिग्रेड को सूचना दी।
फायर बिग्रेड की टीम और करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तभी अचानक थड़ी में रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। तेज धमाके के कारण वहां मौजूद पुलिसकर्मी, फायरकर्मी और लोग दूर हटकर अपनी जान बचाने पर मजबूर हो गए।
धमाके से हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। थड़ी में रखा सामान पूरी तरह जल गया। फायर विभाग के अनुसार, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खुले स्थानों पर लगने वाली दुकानों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
What's Your Reaction?