जिला अस्पताल करौली के ऑक्सीजन प्लांट में लगी आग, मरीजों और परिजनों में मची अफरा-तफरी
करौली जिला अस्पताल के ऑक्सीजन गैस प्लांट में लगी भीषण आग से अस्पताल परिसर में धुआं फैल गया। दमकल और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू।
करौली, राजस्थान । शहर के राजकीय जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को अचानक उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल परिसर में लगे ऑक्सीजन गैस प्लांट में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग से उठता धुआं पूरे परिसर में फैलने लगा, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख कई मरीज वार्डों से बाहर निकल आए, वहीं परिजनों ने भी बिना समय गंवाए मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए चीख-पुकार और भागदौड़ का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने भी मौके पर मोर्चा संभालते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
What's Your Reaction?