🕒 02 July 2026, Thursday
राजस्थान

मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

"सभी विभाग समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूर्ण करें" – कलेक्टर नीलाभ सक्सेना
द्वारा News Room 📅 28 May 2025 👁️ 56 व्यूज़ ⏱️ 1 मिनट रीड
मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

करौली: जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना की अध्यक्षता में आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने भी भाग लिया।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समस्त विभागीय अधिकारी मानसून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां आपसी समन्वय से निर्धारित समय में पूर्ण करें और अपनी कार्ययोजना तैयार कर जिला मुख्यालय को अविलंब भेजना सुनिश्चित करें।

उन्होंने नगर परिषद, वन, पशुपालन, पंचायती राज, राजस्व, चिकित्सा, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक निर्माण, पुलिस, रसद सहित विभिन्न विभागों को निर्देशित किया कि वे वर्षा पूर्व नालों की सफाई, स्कूल-हॉस्टल परिसरों से जलभराव की समस्या का समाधान, वर्षामापी यंत्रों की जांच, मोटर पंपों की मरम्मत तथा नियंत्रण कक्षों की स्थापना जैसे कार्य प्राथमिकता से करें।

कलेक्टर ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में नावों की फिटनेस जांच, गोताखोरों की सूची तैयार करने, लाइसेंस की वैधता जांचने तथा नियंत्रण कक्षों से वर्षा संबंधी नियमित जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकारी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ें और सभी कार्य कंटीजेंसी प्लान के तहत सुनिश्चित किए जाएं।

आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर
कलेक्टर ने कहा कि वर्षा जनित आपदाओं की संभावनाओं को देखते हुए सभी विभाग आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत जरूरी इंतजाम करें ताकि जनधन व पशुधन की संभावित हानि को रोका जा सके। उन्होंने आवश्यक सामग्री जैसे रस्से, मशाल, टॉर्च, खाद्य सामग्री आदि की अग्रिम व्यवस्था करने तथा उचित मूल्य की दुकानों पर आवश्यक भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिंचाई व जल स्रोतों की सफाई पर जोर
जल संसाधन विभाग और सिंचित क्षेत्र के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्राधिकार में आने वाली सभी सिंचाई परिसंपत्तियों की मरम्मत मानसून पूर्व पूर्ण करें। बांधों, नहरों के आसपास गश्ती दल, पंप सेटों की व्यवस्था, डूब क्षेत्र चिन्हित कर गांवों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्ययोजना भी बनाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान को लेकर निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत जल स्रोतों की साफ-सफाई हेतु सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 5 जून से 20 जून 2025 तक "जल संग्रहण एवं संरक्षण पखवाड़ा" आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य राज्य में अधिक से अधिक वर्षा जल का संग्रहण और जल स्रोतों का रख-रखाव सुनिश्चित करना है।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिडवाल, सीईओ शिवचरण मीणा, जिला रसद अधिकारी हितेश कुमार मीणा, सीएमएचओ डॉ. जयंतीलाल मीणा, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता जोहरीलाल मीणा, सानिवि अधीक्षण अभियंता जयलाल मीणा, सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


« पिछली ख़बर जोधपुर डिस्कॉम सतर्क: तेज अंधड़ के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल,... अगली ख़बर » एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर में 588 युवाओं का हुआ प्राथमिक...
Author
संपादक (Editor)

News Room

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Room) है। यहाँ हमारी संपादकीय टीम राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार, खेल, सरकारी योजनाओं तथा जनहित से जुड़े विषयों पर समाचार, विश्लेषण और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करती है।

मिशन की आवाज एक स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच है, जिसकी स्थापना 1 जनवरी 2021 को भूपेन्द्र सिंह सोनवाल द्वारा की गई थी। हमारा उद्देश्य सत्य, सरोकार और हाशिए की आवाज़ को प्रमुखता देना तथा पाठकों तक विश्वसनीय, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

न्यूज़ रूम द्वारा प्रकाशित सामग्री संपादकीय समीक्षा, तथ्य-जांच (Fact-Checking) और पत्रकारिता के नैतिक मानकों के अनुरूप तैयार की जाती है। अधिक जानकारी के लिए पाठक हमारी Editorial Team, Fact Check Policy, Corrections Policy और Contact Us पेज देख सकते हैं।

टिप्पणियां (0)

अपनी राय दें

🔔

मिशन की आवाज़

ताज़ा ख़बरों और हर बड़ी अपडेट का अलर्ट सीधे अपने इनबॉक्स में पाने के लिए अपनी ईमेल डालें।

नहीं, धन्यवाद / स्किप करें