जयपुर में 1-2 जुलाई को होगा 29वां राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन: विकसित भारत 2047 के विजन पर होगी चर्चा
राजस्थान की राजधानी जयपुर में आगामी 1 और 2 जुलाई 2026 को डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में '29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन' (NCeG) का भव्य आगाज होगा। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने सम्मेलन स्थल का दौरा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।
उद्घाटन और मुख्य अतिथि
यह दो दिवसीय सम्मेलन भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और राजस्थान सरकार के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया जा रहा है।
-
उद्घाटन: सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन 1 जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस सत्र में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ डिजिटल नवाचारों के रोडमैप पर अपना संबोधन देंगे।
-
समापन व पुरस्कार: 2 जुलाई को डॉ. जितेंद्र सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, मुख्य अतिथि होंगे। वे उत्कृष्ट ई-गवर्नेंस कार्यों के लिए 'राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026' वितरित करेंगे।
मुख्य थीम: 'विकसित भारत 2047'
इस वर्ष का सम्मेलन “विकसित भारत 2047: एआई एनेबल्ड, डेटा ड्रिवन एंड सिक्योर डिजिटल गवर्नेन्स” थीम पर आधारित है। इसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन को अधिक पारदर्शी, समावेशी और नागरिक-केंद्रित बनाना है। सम्मेलन में एआई (AI), डीप टेक, क्वांटम कंप्यूटिंग और वॉइस-फर्स्ट समाधानों जैसे आधुनिक विषयों पर मंथन होगा।
तकनीकी सत्रों की विस्तृत रूपरेखा
सम्मेलन में कुल 6 प्लेनरी और 6 ब्रेकआउट सत्र होंगे, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा गहन चर्चा की जाएगी:
प्लेनरी सत्रों के मुख्य विषय:
-
एआई बेस्ड गवर्नेन्स फॉर ऑल
-
वॉइस फर्स्ट सॉल्यूशंस: डिजिटल डिवाइड को पाटना
-
टेक्नोलॉजी के माध्यम से शहरी परिवर्तन
-
एआई फॉर स्मार्ट पुलिसिंग एंड पब्लिक सेफ्टी
-
सिटिजन सेंट्रीक और इन्क्लुसिव गवर्नेंस
-
स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में डिजिटल हस्तक्षेप
ब्रेकआउट सत्रों के मुख्य विषय:
-
डीप टेक एवं क्वांटम डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन
-
सुरक्षित सार्वजनिक सेवाओं के लिए एआई और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर
-
डिजिटल डिसेंट्रलाइज्ड ग्रासरूट गवर्नेंस
-
एनसीईजी गोल्ड अवार्डीज़ के ई-गवर्नेंस इनिशिएटिव्स पर चर्चा
-
युवाओं को सशक्त बनाना और नवाचारों को गति देना
इस सम्मेलन में देश भर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, नीति निर्माता, शिक्षाविद और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल होंगे। यह आयोजन राजस्थान को डिजिटल सुशासन के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
टिप्पणियां (0)
अपनी राय दें