4 जुलाई को राजस्थान आएंगे PM मोदी: पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे उद्घाटन, जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास
जयपुर। राजस्थान के लिए आगामी 4 जुलाई का दिन बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा का दौरा करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्र को 'पचपदरा रिफाइनरी' समर्पित करेंगे। इसके साथ ही वे 'जयपुर मेट्रो फेज-2' का शिलान्यास और प्रदेशभर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे।
बुधवार, 24 जून को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर इस प्रस्तावित वीवीआईपी यात्रा की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को इस आयोजन को ऐतिहासिक और त्रुटिहीन बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
युवाओं के लिए रोजगार का उत्सव: मिलेंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान राज्य के युवाओं को एक बड़ी सौगात मिलेगी। विभिन्न सरकारी नौकरियों में नव-चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र मिलना किसी भी युवा के लिए गौरव का क्षण होता है। इसलिए इसे एक उत्सव का रूप दिया जाए:
-
सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नियुक्ति पत्र बांटे जाएं।
-
ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक के कार्यक्रमों को मुख्य समारोह से वर्चुअली (Virtual) जोड़ा जाए।
-
युवाओं, आमजन और जनप्रतिनिधियों की इस कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
रिफाइनरी परिसर में चाक-चौबंद सुरक्षा के निर्देश
पचपदरा रिफाइनरी को प्रदेश के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए मुख्यमंत्री ने आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च स्तर पर रखा जाए। प्रभावी निगरानी के साथ-साथ पार्किंग, पेयजल, यातायात और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
सघन पौधारोपण और श्रमिकों का सम्मान
इस ऐतिहासिक अवसर को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी प्रबंधन को निर्देश दिए कि:
-
कार्यक्रम के दौरान रिफाइनरी परिसर में सघन पौधारोपण अभियान चलाया जाए।
-
प्रदेशभर में आयोजित होने वाले वर्चुअली कार्यक्रमों में ईंधन संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश दिया जाए।
-
चूंकि प्रधानमंत्री हमेशा श्रम और श्रमिकों का सम्मान करते हैं, इसलिए रिफाइनरी निर्माण में अपना पसीना बहाने वाले श्रमिकों की भी कार्यक्रम में सार्थक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी: तैयारियों की इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचआरआरएल (HRRL) और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा, एचपीसीएल (HPCL) के अधिकारी और सभी जिलों से संभागीय आयुक्त, आईजी तथा जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
टिप्पणियां (0)
अपनी राय दें