'ऑपरेशन प्रवर्तन' का बड़ा एक्शन: जयपुर में गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का पर्दाफाश, 78 सिलेंडर जब्त
राजस्थान की राजधानी जयपुर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देश और रसद अधिकारी (प्रथम) प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित चार अलग-अलग टीमों ने शहर के कई इलाकों में छापेमारी की। इस बड़े एक्शन के दौरान 78 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में काम आने वाले कई उपकरण जब्त किए गए हैं।
इस खबर की मुख्य बातें
-
जयपुर में 'ऑपरेशन प्रवर्तन' के तहत अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई।
-
चार सतर्कता टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 78 गैस सिलेंडर और 7 मोटर जब्त किए।
-
कार्रवाई के दौरान 5 आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में दर्ज कराई जा रही है एफआईआर।
-
प्रशासन ने आम जनता से संदिग्ध गैस रिफिलिंग की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की।
गोनेर रोड और खातीपुरा में पुलिस की दबिश
रसद विभाग की सतर्कता टीम 'ए' ने खोनागोरियान थाना पुलिस के साथ मिलकर गोनेर रोड स्थित मच की पीपली क्षेत्र में छापा मारा। यहां अवैध भंडारण मिलने पर 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा, खातीपुरा के इंदिरा गांधी नगर में अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़ करते हुए 8 सिलेंडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर और 2 कांटे बरामद कर एक व्यक्ति पर कार्रवाई की गई।
बजरंग विहार और राजीव नगर में बड़े पैमाने पर जब्ती
सतर्कता दल 'बी' ने गोनेर रोड के बजरंग विहार इलाके में दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की। इन ठिकानों से कुल 27 गैस सिलेंडर, 3 इलेक्ट्रॉनिक मोटर, कांटे और नोजल सहित रिफिलिंग के उपकरण जब्त किए गए। यहां दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, टीम 'सी' ने गोनेर रोड के राजीव नगर स्थित एक दुकान पर छापा मारकर 19 गैस सिलेंडर और 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त की।
ज्योति गैस होम सर्विस पर भी कसा शिकंजा
सतर्कता दल 'डी' ने गोनेर रोड इलाके में ही ज्योति गैस होम सर्विस पर कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां से 5 घरेलू गैस सिलेंडर और नोजल-रेगुलेटर जब्त किए गए। इस मामले में भी एक आरोपी के खिलाफ एक्शन लिया गया है।
लगातार जारी रहेगा 'ऑपरेशन प्रवर्तन'
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने जानकारी दी कि इस पूरे अभियान के दौरान 78 गैस सिलेंडर, 7 इलेक्ट्रॉनिक मोटर, 4 इलेक्ट्रॉनिक कांटे और कई रेगुलेटर जब्त किए गए हैं। कुल 5 लोगों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि शहर में 'ऑपरेशन प्रवर्तन' के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि अगर कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग हो रही हो, तो तुरंत उसकी सूचना प्रशासन को दें ताकि हादसों को रोका जा सके।
टिप्पणियां (0)
अपनी राय दें