जयपुर: ग्रामीणों के दरवाजे तक पहुंचा प्रशासन, 15 जून को इन पंचायतों में लगेंगे 'ग्रामीण सेवा शिविर'
राजस्थान सरकार की अनूठी पहल के तहत जयपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निपटारा करने के लिए 'ग्रामीण सेवा शिविर-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 जून 2026 को जिले की कई ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की रोजमर्रा की शिकायतों का मौके पर ही समाधान करना और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।
इस खबर की मुख्य बातें
-
त्वरित समाधान: 15 जून को जयपुर के विभिन्न ब्लॉकों और पंचायतों में लगेंगे विशेष सेवा शिविर।
-
सभी विभाग एक छत के नीचे: राजस्व, बिजली, पानी और स्वास्थ्य समेत सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी कैंप में रहेंगे मौजूद।
-
योजनाओं से जुड़ने का मौका: पात्र ग्रामीणों को पेंशन, कृषि और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं का हाथों-हाथ मिलेगा लाभ।
-
प्रशासन की अपील: जिला कलक्टर ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाने का किया आह्वान।
इन ग्राम पंचायतों में लगेंगे 15 जून को शिविर जयपुर के जिला कलक्टर संदेश नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। 15 जून को जिले के सांगानेर उपखंड की मोहनपुरा पंचायत, जोबनेर की ढ़ींढा, फागी की भोजपुरा और फुलेरा की लालाना पंचायत में कैंप लगाए जाएंगे।
इसके अलावा चाकसू की भोज्याड़ा व राडोली, सांभर की हबसपुरा, आमेर की बगवाड़ा, मौजमाबाद की उगरियावास, शाहपुरा की मामटोरी कलां व शिवसिंहपुरा, चौमूं की निवाणा व देवथला, माधोराजपुरा की डिडावता, बस्सी की टोडाभाटा व भूडला, जयपुर की निमेड़ा, जमवारामगढ़ की चावण्ड का मण्ड व माथासुला, दूदू की बिंगोलाव, किशनगढ़ रेनवाल की मुडोती और रामपुरा डाबड़ी की नांगल पुरोहितान ग्राम पंचायत में भी ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे।
अधिकारी मौके पर ही करेंगे शिकायतों का निपटारा इन शिविरों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं को लेकर अलग-अलग विभागों में नहीं भटकना पड़ेगा। कैंप में राजस्व विभाग, पंचायती राज, कृषि, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (जलदाय), विद्युत निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। ये अधिकारी लोगों की शिकायतें सुनेंगे और नियमों के तहत उनका तत्काल प्रभाव से निस्तारण करेंगे।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी संबंधित ग्रामीणों से अपील की है कि वे इन शिविरों में भारी संख्या में पहुंचकर अपनी लंबित समस्याओं का समाधान करवाएं और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।
टिप्पणियां (0)
अपनी राय दें