घोड़े से उतारकर दलित दिव्यांग दूल्हे की पिटाई, हटा के बिजोरी पाठक गांव में बवाल
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजोरी पाठक गांव में एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। मंगलवार शाम एक दलित दिव्यांग दूल्हे के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसे घोड़े से उतारकर लाठी-डंडों से पीटा गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय गोलू अहिरवार की बारात छतरपुर जिले के बूढ़ी सेमरा गांव जानी थी। बारात रवाना होने से पहले गांव में पारंपरिक रछवाई निकाली जा रही थी। शाम करीब 5 बजे जब बारात लोधी मोहल्ले की ओर पहुंची, तो कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और दूल्हे को घोड़े से उतरने के लिए कहा।
जब दूल्हे पक्ष ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि कुछ दबंगों ने अचानक हमला कर दिया। दूल्हे गोलू अहिरवार को घोड़े से उतारकर लाठी-डंडों से पीटा गया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और बारात में शामिल लोग भयभीत हो गए।
View this post on Instagram
परिजनों के साथ भी मारपीट का आरोप
दूल्हे ने आरोप लगाया है कि गुड्डू सिंह, कृष्णा, हाकम और पलटू सहित अन्य लोगों ने हमला किया। वहीं दूल्हे की मां विद्या अहिरवार ने बताया कि जब उनकी बेटी मनीषा बीच-बचाव करने पहुंची, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। साथ ही कुछ जेवर गायब होने का भी आरोप लगाया गया है।
थाने पहुंचे परिजन, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद दूल्हे के परिजन उसे लेकर सीधे हटा थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया और सुरक्षा के बीच बारात को आगे रवाना कराया।
हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के अनुसार, विश्वनाथ लोधी, बिच्छू लोधी, पलटू सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
View this post on Instagram
दलित समाज में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद दलित समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। समाज के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
टिप्पणियां (0)
अपनी राय दें