‘पार्टी रॉक एंथम’ फेम सिंगर लॉरेन बेनेट का 37 साल की उम्र में निधन, म्यूजिक जगत में शोक की लहर

News

हॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दिल तोड़ देने वाली खबर सामने आई है। साल 2011 में पूरी दुनिया को अपने सुपरहिट गानों पर थिरकने पर मजबूर कर देने वाली और LMFAO के ‘पार्टी रॉक एंथम’ (Party Rock Anthem) फेम मशहूर सिंगर लॉरेन बेनेट (Lauren Bennett) का महज 37 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी आवाज और उनका शानदार अंदाज संगीत प्रेमियों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा, लेकिन इतनी कम उम्र में उनका इस दुनिया से चले जाना फैंस और म्यूजिक जगत के लिए एक बड़ा सदमा है।

बैंडमेट्स ने दी भावुक श्रद्धांजलि

लॉरेन बेनेट के निधन की पुष्टि उनके पूर्व गर्ल ग्रुप ‘G.R.L.’ की सह-सदस्यों ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक बयान जारी करके की। G.R.L. की सदस्य नताशा स्लेटन, एमालिन एस्ट्राडा और पाउला वैन ओपेन ने अपने साझा बयान में लिखा, “हम भारी मन और गहरे दुख के साथ अपनी प्यारी लॉरेन के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। हमारे दिल टूट चुके हैं और हमारे पास वो शब्द नहीं हैं जो यह बयां कर सकें कि वह हमारे लिए क्या मायने रखती थीं।”

उन्होंने आगे कहा, “हम उनके द्वारा दिए गए प्यार, हंसी और अनगिनत यादों को हमेशा संजो कर रखेंगे। उनकी खूबसूरत आत्मा ने कई जिंदगियों को छुआ था। उनकी बहुत याद आएगी। रेस्ट इन पीस, स्वीट लॉरेन, तुम हमेशा हमारे दिलों में रहोगी।” फिलहाल, लॉरेन बेनेट के निधन का सटीक कारण अभी तक सामने नहीं आया है।

म्यूजिक इंडस्ट्री का वो चमकता सितारा

इंग्लैंड के केंट में जन्मीं लॉरेन बेनेट ने महज 14 साल की उम्र में यूके के ‘एक्स फैक्टर’ (X Factor) से अपने सपनों की उड़ान भरी थी। इसके बाद 17 साल की उम्र में वह लॉस एंजिल्स आ गईं।

लॉरेन को सबसे बड़ी वैश्विक पहचान साल 2011 में मिली, जब उन्होंने LMFAO के साथ मिलकर ‘पार्टी रॉक एंथम’ ट्रैक गाया। यह गाना बिलबोर्ड हॉट 100 चार्ट पर लगातार छह हफ्तों तक नंबर 1 पर रहा और आज भी पार्टियों की जान माना जाता है। इससे पहले उन्होंने ‘पैराडिसो गर्ल्स’ (Paradiso Girls) बैंड के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसका गाना ‘पेट्रोन टकीला’ (Patron Tequila) काफी हिट रहा था। बाद में वह G.R.L. का हिस्सा बनीं। G.R.L. के साथ उनका गाना ‘अगली हार्ट’ (Ugly Heart) और पिटबुल के साथ ‘वाइल्ड वाइल्ड लव’ (Wild Wild Love) दुनिया भर में जबरदस्त हिट साबित हुए थे।

व्यक्तिगत जीवन और अतीत का वो दर्दनाक हादसा

लॉरेन अपने पीछे अपनी 6 साल की बेटी, हार्लो (Harlow) को छोड़ गई हैं, जो उनके और डांसर केनी वॉर्मल्ड की संतान है। इतनी छोटी बच्ची के सिर से मां का साया उठ जाना हर किसी की आंखें नम कर रहा है।

लॉरेन के जीवन में त्रासदी पहले भी आ चुकी थी। सितंबर 2014 में G.R.L. की उनकी एक साथी सदस्य सिमोन बैटल (Simone Battle) ने मात्र 25 वर्ष की उम्र में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना ने लॉरेन को अंदर तक झकझोर दिया था। इसके बाद बैंड ने मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ‘लाइटहाउस’ नामक एक गाना भी रिलीज किया था। लॉरेन ने हमेशा मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर खुलकर बात की और इसके लिए अपना समर्थन दिखाया।

लॉरेन बेनेट भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका बेबाक अंदाज, उनकी मुस्कान और उनका संगीत हमेशा उनके फैंस की यादों के ‘प्लेलिस्ट’ में बजता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *